ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामगढ़ महाविद्यालय में अभिविन्यास कार्यक्रम के साथ निकली भव्य तिरंगा रैली, भारत माता के जयकारों से गूंजा बाजार

भवाली/रामगढ़। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और छात्रहित से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना रहा। कार्यक्रम से पूर्व महाविद्यालय परिसर से रामगढ़ बाजार तक भव्य तिरंगा रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

तिरंगा रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयघोष किए। देशभक्ति से ओतप्रोत नारों से पूरा रामगढ़ बाजार गूंज उठा। रैली के दौरान बाजार का दृश्य तिरंगों से सजा नजर आया और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रैली का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर नगेंद्र द्विवेदी ने किया।

रैली के बाद महाविद्यालय में अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर नगेंद्र द्विवेदी एवं प्रोफेसर विमला सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। संस्कृत प्राध्यापिका डॉ. श्वेता विश्नोई ने मंत्रोच्चारण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कराया।

अभिविन्यास कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर गतिविधियों से परिचित कराया गया। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में होने वाले पठन-पाठन, छात्रवृत्ति, क्रीड़ा गतिविधियों, शिक्षक-अभिभावक संघ, रेड क्रॉस सोसाइटी, एंटी ड्रग प्रकोष्ठ, समर्थ, पुस्तकालय एवं वाचनालय सहित राष्ट्रीय सेवा योजना तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र से संबंधित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. नीमा पंत एवं डॉ. हरेश राम ने विगत वर्षों की महाविद्यालयीय गतिविधियों एवं उपलब्धियों की आख्या पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों के समक्ष रखी। इससे नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त हुई।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रोफेसर नगेंद्र द्विवेदी ने विद्यार्थियों को अनुशासन और समय के महत्व को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यदि अनुशासन के साथ अपने समय का सदुपयोग करें तो उनके भविष्य को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

डॉ. विमला सिंह ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. हरीश चंद्र जोशी ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. निर्मला रावत ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख कविंद्र प्रसाद, दीप्ति, कुंदन नाथ, गणेश बिष्ट, कमलेश सहित महाविद्यालय के स्नातक प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं तथा वरिष्ठ विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खुशबू, सचिन, गरिमा, प्रकाश, मयंक, निशा, अभिलाषा, विशाखा, काजल, करण, माही, दीक्षा, हिमानी, प्रियंका सहित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

यह भी पढ़ें :  78वीं एच.एन. पांडे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट: लेक्स इंटरनेशनल भीमताल ने पी.पी.जे. सरस्वती विहार को पेनल्टी शूटआउट में हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
error: Content is protected !!