ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

प्रेम विवाह का दुखद अंत: ICU में पति को देख पत्नी ने किया सुसाइड, बर्बाद हो गया खूबसूरत परिवार

कर्नाटक। पांच साल पहले परिवार के विरोध के बावजूद प्रेम विवाह करने वाले एक दंपती की जिंदगी का अंत बेहद दर्दनाक हो गया।

पारिवारिक विवाद और आपसी मतभेद इस कदर बढ़ गए कि पति अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है, जबकि पत्नी ने घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह हृदयविदारक घटना हासन तालुक के अद्दीहल्ली गांव की है।

जानकारी के अनुसार, अद्दीहल्ली गांव निवासी चेतन (28) और रंजीता (25) ने पांच साल पहले बड़ों की मौजूदगी में प्रेम विवाह किया था। शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच आपसी तालमेल बिगड़ने लगा। पारिवारिक मतभेदों के चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे।

पति ने उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह से मानसिक रूप से परेशान चेतन ने तीन दिन पहले जहरीली गोलियां खा लीं, जिससे वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल हासन शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। चेतन के परिजनों का आरोप है कि पत्नी और उसके मायके पक्ष द्वारा मानसिक दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

पति की हालत देख पत्नी ने दी जान

चेतन के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर रंजीता अपने छोटे बच्चे के साथ अस्पताल पहुंची। आईसीयू में पति की गंभीर हालत देखकर वह बेहद सदमे में आ गई। शाम को बच्चे के साथ घर लौटने के बाद, रात में जब घर पर कोई नहीं था, तो रंजीता ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।

दहेज प्रताड़ना का आरोप, दर्ज हुई शिकायत

घटना के बाद रंजीता के माता-पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चेतन और उसके परिवार वाले उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसी मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर रंजीता ने आत्महत्या की। इस संबंध में मृतका के परिजनों ने शांतिग्राम थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया है। एक मासूम बच्चा अपनी मां को खो चुका है और पिता अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पल भर के गुस्से और पारिवारिक विवाद ने एक खुशहाल परिवार को तबाही के कगार पर ला खड़ा किया है।

यह भी पढ़ें :  देहरादून में दिनदहाड़े हत्या का 24 घंटे में खुलासा: दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

You missed

error: Content is protected !!