ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अल्मोड़ा।  जिला मुख्यालय में इन दिनों पेट्रोल की किल्लत ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध न होने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पाण्डेयखोला स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों के साथ वहां पहुंच गए। देखते ही देखते पंप पर लंबी कतारें लग गईं और स्थिति बेकाबू हो गई।

सुबह से ही उमड़ी भीड़ के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लगने से यातायात प्रभावित हुआ, जिससे राहगीरों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक आई इस पेट्रोल कमी से रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और छात्रों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं।

वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। आमजन ने मांग की है कि जल्द से जल्द पेट्रोल की आपूर्ति सुचारू की जाए, ताकि शहर की स्थिति सामान्य हो सके।

यह भी पढ़ें :  बाजपुर में स्वच्छ रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, युवाओं ने दिखाई मानव सेवा की मिसाल
error: Content is protected !!