नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डी.एस.बी. परिसर स्थित वनस्पति विज्ञान विभाग में बुधवार को प्लांट सिस्टम फिजियोलॉजी विषय पर भव्य मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी में एम.एससी. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, शोध अभिरुचि तथा व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना रहा।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने समूहों में प्रतिभाग करते हुए अपने विषयों को मॉडल के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सभी मॉडलों में विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ साफ दिखाई दी। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मॉडलों की सराहना करते हुए उन्हें अत्यंत शिक्षाप्रद बताया।
प्रतियोगिता में ग्रुप-4 के विद्यार्थियों आंचल लोहुमी, कमलेश जोशी, अंशिका थुवाल और अभिलाषा मेहता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रुप-2 की छात्राओं वंदना शर्मा, कल्पना बिष्ट, मनीषा पंत और सानिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को विभागाध्यक्ष प्रोफेसर ललित तिवारी ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर ललित तिवारी ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम की मूल्यांकन समिति में प्रो. नीलू लोधियाल, प्रो. सुषमा तम्टा, डॉ. कपिल खुल्बे, डॉ. प्रभा पंत और डॉ. हेम चंद्र जोशी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन कोर्स इंस्ट्रक्टर प्रो. नीलू लोधियाल एवं डॉ. हेम चंद्र जोशी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

