ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कोटाबाग में सरकार के खिलाफ हुआ विरोध प्रदर्शन, सैकड़ों की संख्या में लोग रहे उपस्थित

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी।  कोटाबाग क्षेत्र में विकास संबंधी समस्याओं को लेकर बुधवार को जनाक्रोश देखने को मिला। कोटाबाग विकास संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल पंत ने कहा कि सरकार कोटाबाग के विकास को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खराब है और कई स्थानों पर सड़कें आज भी कच्चे रास्तों जैसी दिखाई देती हैं। इसके अलावा पेयजल संकट से भी स्थानीय लोग लंबे समय से जूझ रहे हैं।

राहुल पंत ने कहा कि कोटाबाग बाजार के चौड़ीकरण की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में जुटी भीड़ किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं लाई गई है, बल्कि यह क्षेत्रवासियों के वर्षों से चले आ रहे आक्रोश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कोटाबाग की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और जनता की नाराजगी को दर्शाता है।

राहुल पंत ने भाजपा पदाधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्यों की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों के पुतले फूंके जा रहे हैं, जो जनता की उपेक्षा करने वालों के लिए करारा जवाब है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द विकास कार्य शुरू करने और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, बीएलओ घर-घर पहुंचकर भरवा रहे गणना प्रपत्र
error: Content is protected !!