नैनीताल में पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जनहित संस्था सक्रिय, डीएम से की वन-वे पैदल मार्ग की मांग
चीना बाबा–बी.डी. पांडे अस्पताल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने की उठी मांग
बुजुर्गों और स्कूली बच्चों की सुविधा के लिए पैदल मार्ग बनाने का प्रस्ताव, डीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा
नैनीताल। वर्ष 2013 से स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार कार्य कर रही गैर-राजनीतिक संस्था जनहित संस्था ने शहर में बढ़ते यातायात और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एक महत्वपूर्ण मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी है।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी एवं संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट के निर्देश पर कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती दिव्या शाह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर चीना बाबा मंदिर (मल्लीताल) से बी.डी. पांडे अस्पताल तक के मार्ग को केवल पैदल मार्ग (Pedestrian Zone) घोषित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि इस मार्ग का उपयोग बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, वरिष्ठ नागरिक, स्कूली बच्चे, पर्यटक तथा उच्च न्यायालय आने-जाने वाले लोग करते हैं। शहर में वाहनों और दोपहिया वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यह संकरा मार्ग पैदल चलने वालों के लिए असुरक्षित हो गया है और यहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
संस्था ने सुझाव दिया कि यदि संभव हो तो इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर उन्हें मेट्रोपोल मार्ग से संचालित किया जाए। इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिष्टमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष दिव्या शाह के अलावा प्रोफेसर ललित तिवारी, महासचिव महेश चंद्र आर्य तथा सोनू शाह भी मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।


