भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी और कर्मियों की 24 घंटे तैनाती के निर्देश, आपदा नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
नैनीताल। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित भूस्खलन और मार्गों पर मलबा आने की स्थिति में यातायात बाधित न हो, इसके लिए गिरे हुए पेड़ों और मलबे को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने, मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और राहत-बचाव दल पहले से तैयार रखने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल 8272080884 अथवा टोल-फ्री नंबर 1077 पर देने की अपील की है।


