ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हनुमान मंदिर के पास हुआ हादसा, चालक फरार; पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी

सितारगंज। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई।

हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे हुए इस हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वाहनों में लगी आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जले हुए वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान कराने और उनके परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद टैक्सी कार का चालक मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि कार सीएनजी से संचालित थी। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सीएनजी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम शुरू, शोध उत्कृष्टता पर होगा मंथन

You missed

error: Content is protected !!