गोरापड़ाव के पास हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर दर्दनाक हादसा, सिद्धार्थ की मौके पर मौत, अयान गंभीर घायल
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में गोरापड़ाव के पास हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात करीब 9 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र सिद्धार्थ की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अयान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, लालकुआं वार्ड नंबर-4 निवासी सिद्धार्थ और अयान गुरुवार रात हल्द्वानी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोरापड़ाव के पास रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मदद से दोनों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया। वहीं अयान की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका ICU में उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय सिद्धार्थ के माता-पिता उत्तर प्रदेश के बदायूं गए हुए थे। उसकी मां शुक्रवार को होने वाली भर्ती परीक्षा में शामिल होने गई थीं। घर पर कोई नहीं होने के कारण सिद्धार्थ अपने दोस्त अयान के साथ बाहर निकला था, लेकिन लौटते समय यह हादसा हो गया।
सिद्धार्थ लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन के पोते थे। उनके पिता उदयवीर सिंह सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ बच्चों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देते हैं, जबकि उनकी मां उत्तर प्रदेश के बहेड़ी में सरकारी शिक्षिका हैं। सिद्धार्थ 12वीं कक्षा का छात्र था और परिवार में सबसे छोटा था। उसकी एक बड़ी बहन भी है।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने गोरापड़ाव कट पर लगातार हो रहे यातायात नियमों के उल्लंघन और रॉन्ग साइड से दौड़ते वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।


