ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कालाढूंगी/हल्द्वानी। जहां एक ओर हाईवे पर बढ़ते गड्ढे सड़क हादसों को लगातार न्योता दे रहे हैं, वहीं समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल अपनी युवा टीम के साथ सड़क सुरक्षा की अनूठी मुहिम चलाकर लोगों के लिए मिसाल बन रहे हैं।

राहुल सिंह दरम्वाल और उनके साथियों ने हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर विभिन्न स्थानों पर खतरनाक गड्ढों को भरकर राहगीरों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का प्रयास किया।

रविवार को राहुल सिंह दरम्वाल अपनी टीम के साथ बेलगढ़ वन विभाग बैरियर एवं मंदिर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने रेता, सीमेंट और बजरी की सहायता से सड़क पर बने गहरे गड्ढों को भरा।

इसके बाद टीम कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के गैबूआ इलाके में पहुंची और वहां भी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे गड्ढों को भरकर लोगों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया।

राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोग घायल हो रहे हैं और कई मामलों में जान भी गंवा रहे हैं।

ऐसे में जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक सामाजिक स्तर पर इस तरह के प्रयास हादसों को कम करने में सहायक साबित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी टीम समय-समय पर सड़क सुरक्षा और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहती है। कभी स्वयं श्रमदान कर सड़कों के गड्ढे भरती है तो कभी लोक निर्माण विभाग एवं प्रशासन से संपर्क कर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग उठाती है।

इस जनहित कार्य में राहुल सिंह दरम्वाल के साथ करन बिष्ट, कुलदीप बिष्ट, सौरभ छिमवाल, केशव बिष्ट, विशाल रावत, अभय मेहरा, अनुज अधिकारी सहित अन्य युवा भी मौजूद रहे।

समाजहित में युवाओं की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों ने उनकी इस मुहिम की सराहना की है।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं के आयुष्मान मरीजों को बड़ा झटका: बरेली के राममूर्ति अस्पताल में मुफ्त इलाज बंद

You missed

error: Content is protected !!