देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। गरज-चमक के साथ हो रही बारिश से जहां मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में दिनभर की उमस लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि सुबह और शाम की बारिश से लोगों को राहत मिल रही है।
बीते गुरुवार रात से शुक्रवार तक कुमाऊं मंडल के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ऊधमसिंह नगर के गूलरभोज और पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में भारी वर्षा हुई। प्रदेश में सबसे अधिक 98 मिमी बारिश गूलरभोज में रिकॉर्ड की गई, जबकि देहरादून के मालदेवता में 80 मिमी और टिहरी के कीर्तिनगर में 75 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली की चमक और गर्जन के साथ कई स्थानों पर बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में रात के समय तेज वर्षा के दौर भी देखने को मिले। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके अलावा 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


