ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं के चलते बुधवार सुबह तक जिले की 14 मोटर सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। सड़कें बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है, जबकि कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन और संबंधित विभाग लोडर मशीनों तथा श्रमिकों की मदद से युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य कर रहे हैं। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर राहत और सड़क खोलने का काम भी बाधित हो रहा है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बुधवार को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा गया, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

लगातार वर्षा के चलते गोमती और सरयू नदियों में भारी मात्रा में सिल्ट आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। इसके अलावा हिमालयी क्षेत्रों के कई गांवों में बिजली और संचार सेवाएं भी बाधित होने लगी हैं, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

बुधवार को कांडा-रावतसेरा-बसपाठन, खातीगांव-कपूरी, चौंरा-भैरू, जैसर-रियूनी-लखमार, कठपुड़ियाछीना, बघर, सूपी-हरकोट, सीरी, खड़लेख-भनार तथा बूंगा सहित कुल 14 मोटर मार्ग बंद रहे। संबंधित विभाग इन मार्गों को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में घरेलू विवाद के बाद सनसनी : बेटे ने मां को मारी गोली; आरोपी गिरफ्तार

You missed

error: Content is protected !!