ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी, जितेन्द्र मेहता बने सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व की सहमति से उत्तराखंड भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता जितेन्द्र मेहता ‘जीतू’ को सौंपी गई है। उन्हें भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का उत्तराखंड प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है।

श्री मेहता लंबे समय से संगठन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से कुमाऊं सहित पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।

नवनियुक्त प्रदेश संयोजक जितेन्द्र मेहता ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं लोककलाओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विचारधारा को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगामी सांगठनिक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

श्री मेहता की नियुक्ति पर भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख कौस्तुभनंद जोशी, विधायक वंशीधर भगत, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट तथा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।

सभी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जितेन्द्र मेहता के कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और समर्पित कार्यशैली का लाभ भाजपा को प्रदेशभर में मिलेगा तथा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

यह भी पढ़ें :  शादी की खुशियां बदली मातम में , जमकर हुआ बवाल, दुल्हन के पिता की मौत, छत से कूद कर भागे बराती
error: Content is protected !!