ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल विधानसभा के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सहायक श्रम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, प्रत्येक ब्लॉक में श्रम विभाग कार्यालय खोलने की भी उठाई मांग

भीमताल विधानसभा क्षेत्र में श्रम विभाग से जुड़े लंबित मामलों और अनुदान भुगतान में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मंगलवार को सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मनोज शर्मा ने कहा कि वे लगातार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं, जहां ग्रामीणों द्वारा श्रम विभाग से संबंधित अनेक समस्याओं से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से शादी अनुदान की फाइलें वर्षों से लंबित पड़ी हैं, जिससे गरीब एवं श्रमिक परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लाभार्थी ऐसे हैं जिन्हें दो-दो वर्षों से अनुदान राशि प्राप्त नहीं हुई है और विभाग की ओर से स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही है।

मनोज शर्मा ने मांग की कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत लंबित सभी शादी अनुदान एवं अन्य प्रकार के अनुदानों के लाभार्थियों को चिन्हित कर उनकी राशि तत्काल उनके खातों में भेजी जाए। उन्होंने कहा कि गरीब ग्रामीण लगातार कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, जिससे उनका समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में कई श्रमिक ऐसे हैं जिनका श्रम विभाग में पंजीकरण नहीं हो पाया है, जबकि अनेक श्रमिकों का नवीनीकरण (रिन्यूवल) लंबित है। ग्रामीणों के लिए हल्द्वानी तक आना आर्थिक रूप से बोझ साबित होता है। ऐसे में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर श्रम विभाग के कार्यालय खोले जाने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता है। साथ ही विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभ मिल सके।

इस पर सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी ने आश्वासन दिया कि शादी अनुदान सहित अन्य लंबित अनुदान राशियां शीघ्र लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में उठाई गई अन्य मांगों पर भी गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 4 जून 2026
error: Content is protected !!