ऑल उत्तराखंड ओपन चैंपियनशिप में भगवती शाह स्पोर्ट्स क्लब का शानदार प्रदर्शन, बालिका टीम बनी चैंपियन
दुगड्डा/उत्तराखंड। दुगड्डा, पौड़ी गढ़वाल में आयोजित ऑल उत्तराखंड ओपन चैंपियनशिप में भगवती शाह स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 18 तथा बालिका वर्ग की 13 टीमों ने भाग लिया।
चैंपियनशिप के दौरान भगवती शाह स्पोर्ट्स क्लब की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। वहीं क्लब की बालक टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर क्लब के अध्यक्ष ताराचंद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने क्लब को यह गौरवपूर्ण सफलता दिलाई है।
क्लब के कोच मनमोहन सिंह, राजेश बिष्ट एवं निलेश कुमटिया ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का ही यह परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
दुगड्डा से लौटने के बाद क्लब मैदान में खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बच्चों, क्लब सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लता बिष्ट, ज्योति चुफाल, गुड्डू चौहान, अमित सैनी, सिद्धार्थ कुमटिया, पंकज नेगी, पूरन मेहरा, वॉलीबॉल कोच मोहन सिंह कोरंगा, मनोहर सिंह चुफाल सहित क्लब के सभी सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।


