ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान सुनीता (50 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय संतपाल, निवासी गोलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा और हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस जांच में पता चला कि मृतका सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में बेरीपड़ाव क्षेत्र में निवास कर रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है।

मृतका की बेटियों ने पुलिस को बताया कि उनकी मां मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें :  पुताई के बहाने की रेकी, फिर लाखों की चोरी… हल्द्वानी में शातिर चोर गिरफ्तार
error: Content is protected !!