ब्रेकिंग न्यूज़
Close up of male hands in bracelets behind back
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक तस्करी तेजी से बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि चरस से भी ज्यादा स्मैक के तस्कर सक्रिय हो गए हैं।

पुलिस ने पिछले चार महीनों में 21 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करते हुए 26 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, लेकिन इसके बावजूद तस्करी पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है।

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र से लंबे समय से स्मैक की सप्लाई हो रही है। पुलिस के मुताबिक बहेड़ी में कई स्थानों पर रसायनों की मदद से स्मैक तैयार की जाती है, जिसमें युवा वर्ग के साथ महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।

स्मैक तस्करी का यह नेटवर्क रामपुर और उधम सिंह नगर के रास्ते नैनीताल जिले तक पहुंचता है। हालांकि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन तस्करों का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त नहीं हो पा रहा है और एक के पकड़े जाने के बाद दूसरा तस्कर सक्रिय हो जाता है।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार महीनों में पुलिस ने तस्करों के कब्जे से करीब 1 किलो 385 ग्राम 366 मिलीग्राम स्मैक बरामद की है। वहीं चरस तस्करी के मामलों में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

लगातार बढ़ती तस्करी ने पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। स्थानीय लोग भी नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता जता रहे हैं और इस पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें :  फ्लाईओवर हादसा: दो कांवड़ियों की मौत के मामले में NHAI अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज, परिजनों ने लगाया घोर लापरवाही का आरोप
error: Content is protected !!