ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एमबीपीजी कॉलेज ने जीती कुलपति ट्रॉफी, वैशाली पांडे और योगेश पांडे को मिला कुलपति गोल्ड मेडल

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की क्रीड़ा परिषद की वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बैठक द हार्मिटेज भवन में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बैठक में क्रीड़ा सचिव एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. संतोष कुमार ने परिषद की दो वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। परिषद ने सभी महाविद्यालयों से अपना क्रीड़ा समायोजन शीघ्र जमा करने का आग्रह किया तथा वर्ष 2026-27 के लिए खेलों के आवंटन एवं क्रीड़ा परिषद के सदस्यों के चयन हेतु कुलपति को अधिकृत किया।

बैठक में खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति तथा जिला क्रीड़ा विभाग और साई प्रशिक्षण संस्थान के साथ एमओयू किए जाने पर भी सहमति बनी। वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर एमबीपीजी कॉलेज को कुलपति ट्रॉफी प्रदान की गई। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज, रुद्रपुर द्वितीय तथा डीएसबी परिसर तृतीय स्थान पर रहा।

अखिल भारतीय ड्रॉप रोबॉल प्रतियोगिता में रजत एवं कांस्य पदक, मिनी गोल्फ में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा कुयान कीड़ो और ड्रॉप रोबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। डीएसबी परिसर की वैशाली पांडे और रुद्रपुर के योगेश पांडे को वर्ष 2023-24 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में कुलपति गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।

इसके अलावा बुडबॉल, ड्रॉप रोबॉल, पिचक सिलेट, जी-जूत्सू, ताइक्वांडो और योगा प्रतियोगिताओं में अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। वर्ष 2024-25 के लिए कशिश शर्मा और योगेश पांडे तथा वर्ष 2025-26 के लिए शिवानी और विक्की मुखिया को कुलपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। पदक विजेता टीमों के कोच और मैनेजरों को भी सम्मानित किया गया।

बैठक को प्रो. संजय पंत, कार्यपरिषद सदस्य अरविंद पाड़ियार, दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. संदीप तिवारी, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी तथा पूर्व क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन निदेशक एवं विजिटिंग प्रोफेसर प्रो. ललित तिवारी ने किया। अंत में डॉ. संतोष कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डॉ. पुष्कर बिष्ट, डॉ. बी.के. सिंह, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. राजेश कुमार, जीवन जोशी, अपूर्व बिष्ट, जीवन रावत, अतुल, लाल सिंह, शिखा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  ऑल सेंट्स कॉलेज की सांस्कृतिक संध्या में बिखरे कला और संगीत के रंग, ‘द लायन किंग’ नाट्य प्रस्तुति रही मुख्य आकर्षण
error: Content is protected !!