ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चोट के बाद शानदार वापसी! दिल्ली में आयोजित बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भवाली के सूरज ने जीता गोल्ड

बिना कोच और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के की तैयारी, मेन्स फिजीक जूनियर कैटेगरी में हासिल किया पहला स्थान

नैनीताल। भवाली के 22 वर्षीय युवा बॉडीबिल्डर सूरज नाथ ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता ‘मसल मेनिया रीजनल 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मेन्स फिजीक जूनियर कैटेगरी’ का गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से भवाली सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

दिल्ली के आंध्र एसोसिएशन गोदावरी ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सूरज नाथ ने कड़े मुकाबले के बीच अपनी बेहतरीन फिटनेस और प्रस्तुति के दम पर पहला स्थान हासिल किया।

सूरज ने बताया कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है। वर्ष 2024 में NPC बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उन्हें कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोट लग गई थी, जिसके कारण उनका करियर करीब डेढ़ साल तक प्रभावित रहा। हालत यह थी कि रोजमर्रा के सामान्य काम करना भी मुश्किल हो गया था और जिम जाना पूरी तरह बंद हो गया था।

उन्होंने बताया कि कई महीनों तक इलाज और रिकवरी के बाद जब उन्हें मसल मेनिया रीजनल 2026 के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने दोबारा जिम ज्वाइन किया और पूरी लगन के साथ तैयारी शुरू कर दी। बिना किसी कोच और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के केवल दो महीने की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर शानदार वापसी की।

सूरज का कहना है कि वह भविष्य में बॉडीबिल्डिंग में ही अपना करियर बनाना चाहते हैं और इसके लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की।

गौरतलब है कि ‘मसल मेनिया’ एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो नेचुरल बॉडीबिल्डिंग को बढ़ावा देने के लिए दुनिया भर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है। सूरज नाथ की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

यह भी पढ़ें :  कूटा ने जानकी उप्रेती एवं मोहन नेगी की बड़ी बहन के निधन पर जताया शोक

You missed

error: Content is protected !!