ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित देवऋषि एन्क्लेव (देहराखास) में बुधवार देर शाम एक फाइनेंसर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

वारदात के बाद मृतक के परिजनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को उसी कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय दीपक गुप्ता ट्रेडिंग और ब्याज (फाइनेंस) का काम करते थे। करीब आठ वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था, लेकिन शादी के छह महीने बाद ही तलाक हो गया था। इसके बाद से वह देवऋषि एन्क्लेव स्थित अपने मकान के भूतल पर अकेले रहते थे, जबकि पहली मंजिल पर उनके छोटे भाई राकेश गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं।

बताया गया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे 21 वर्षीय रोहन प्रजापति, निवासी माजरा की प्रधानवाली गली, दीपक के कमरे में पहुंचा। प्रारंभिक जांच में दोनों के पहले से परिचित होने की बात सामने आई है। कमरे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि रोहन ने कमरे में रखे चाकू से दीपक के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।

दीपक की चीख-पुकार सुनकर ऊपर रहने वाले परिजन नीचे पहुंचे तो कमरे का भयावह दृश्य देखकर दंग रह गए। इसी दौरान मृतक के भाई राकेश की पत्नी मीनाक्षी ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को कमरे के भीतर ही बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि पुलिस को कमरे के अंदर दीपक का शव जमीन पर मुंह के बल नग्नावस्था में मिला। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

वहीं, पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि आरोपी रोहन प्रजापति देहरादून के एक निजी संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इंटरनेट के माध्यम से उसकी दीपक गुप्ता से पहचान हुई थी।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शेयर ट्रेडिंग सीखने के लिए दीपक के पास आता था, लेकिन उसकी उम्र, परिस्थितियों और अन्य तथ्यों को देखते हुए पुलिस को इस दावे पर संदेह है। पुलिस घटना के वास्तविक कारण और दोनों के संबंधों की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें :  हरेला पर चकलुवा में बांटे गए मोरिंगा के पौधे, भाजपा नेता मनोज पाठक बोले—'एक पेड़ माँ के नाम' बने जनआंदोलन

You missed

error: Content is protected !!