ऑल सेंट्स कॉलेज में सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन — रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी शाम, कार्यक्रम की हुई लाइव स्ट्रीमिंग
प्रार्थना नृत्य, गीत-संगीत, ऑर्केस्ट्रा और नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां; चेयरपर्सन डॉ. सरस्वती खेतवाल ने की विद्यार्थियों की सराहना
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। नगर के प्रतिष्ठित All Saints’ College में सोमवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियों, मधुर संगीत और विद्यार्थियों की शानदार प्रतिभा का अद्भुत संगम बनी। कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य, संगीत, काव्य पाठ, वादन और नाट्य मंचन के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भावपूर्ण प्रार्थना नृत्य से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने संगीत और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से ईश्वर के प्रति श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता का संदेश दिया। इसके बाद मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रसिद्ध कवि Robert Southey की कविता द कैटरैक्ट ऑफ लॉडोर की समूह प्रस्तुति देकर झरने की गति और सौंदर्य को जीवंत कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या में विद्यालय के हिन्दुस्तानी गान दल ने सुप्रसिद्ध गायिका Asha Bhosle को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं छात्राओं ने भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित विभिन्न भारतीय नृत्य शैलियों का प्रदर्शन कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
अंग्रेज़ी गान दल की मधुर प्रस्तुति और हिन्दुस्तानी ऑर्केस्ट्रा ने भी खूब वाहवाही बटोरी। तबला, हारमोनियम और अन्य वाद्य यंत्रों की संगति ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को सजीव कर दिया। वायलिन वादन की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डिज्नी की प्रसिद्ध फिल्म The Lion King का नाट्य रूपांतरण रहा। छात्राओं ने प्रभावशाली अभिनय, संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग भी इंटरनेट के माध्यम से की गई, जिससे दूर-दराज़ में मौजूद लोग भी इसका आनंद ले सके। इससे पूर्व यह कार्यक्रम स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए भी आयोजित किया गया था।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित Dr. Saraswati Khetwal ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर Sherwood College के प्रधानाचार्य, Birla Vidya Mandir के प्रधानाचार्य ए.के. शर्मा एवं श्रीमती आशा शर्मा, Long View Public School के प्रधानाचार्य भुवन त्रिपाठी, विद्यालय की गवर्निंग बॉडी के सदस्य अमनदीप संधू, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या एंजिना रिचर्ड्स ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका नीमा उपाध्याय तथा छात्राओं तनिष्का शाही, मलिया जोशी, प्रिशा चड्ढा, अर्पण कौर और गर्विता जोशी ने किया।

