ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

दीवार फांदकर महिला के कपड़े चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी पुलिस ने सभी कपड़े किए बरामद

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने महिला के घर में घुसकर कपड़े चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार महेश नगर, नवाबी रोड, हल्द्वानी निवासी एक महिला ने 23 जून 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके मकान की दीवार फांदकर परिसर में घुस आया और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर ले गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने महिला की गरिमा और सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान और शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 209/2026 के तहत धारा 305(ए)/331(2) बीएनएस में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी हीरा नगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ द्वारा की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज तथा वायरल वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने 24 जून को टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित क्रिकेट मैदान, पंचायतघर रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेत सिंह बिष्ट (34 वर्ष), पुत्र खीम सिंह बिष्ट, निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा मुखानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी कपड़े बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें :  आंगनबाड़ी कार्यकर्ती का शव पेड़ से लटका मिला, गांव में सनसनी; पुलिस ने शुरू की जांच

You missed

error: Content is protected !!