ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रुड़की। 13 फरवरी  करीब सवा 2 साल पहले एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए क्रिकेट ऋषभ पंत को समय रहते अस्पताल पहुंचाने वाले युवक ने कथित रूप से प्रेमिका संग जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

प्रेमिका की मौत हो गयी है।

पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि रजत कुमार (25) ने प्रेमिका मनु कश्यप (21) के साथ 3 दिन पहले उत्तर प्रदेश के पुरकाजी के बुच्चा बस्ती गांव में कथित रूप से जहर खा लिया था जिसके बाद उन्हें निकटवर्ती उत्तराखंड के हरिद्वार के झबरेड़ा में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मनु की मौत हो गयी जबकि रजत की हालत अब खतरे से बाहर है। झबरेड़ा थाने के प्रभारी अंकुर शर्मा ने बृहस्पतिवार को घटना की पुष्टि की कि उनकी जानकारी में ये मामला बुधवार को आया है, लेकिन उनके यहां कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।

उन्होंने कहा कि चूंकि जहर खाने की घटना उत्तर प्रदेश की है, इसलिए वहीं की पुलिस जांच कर रही है।

झबरेड़ा के प्रज्ञा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि रजत और मनु को जब अस्पताल लाया गया तो मनु की स्थिति ज्यादा गंभीर थी, इसलिए उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का परामर्श दिया था।

लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि मनु के परिजन उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की बजाय घर ले गए जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। रजत का इलाज अस्पताल में चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।

मगर अभी वह बात करने की स्थिति में नही है। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि रजत और मनु विवाह करना चाहते थे, लेकिन मनु के परिजन जातिगत कारणों से विवाह के लिए राजी नहीं हुए और इसी से नाराज होकर दोनों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की।

डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि पंत को घटना के बारे में पता चल गया है। उनके निजी सहायक ने उन्हें फोन पर बताया कि वह एक-दो दिन में रजत को देखने झबरेड़ा आएंगे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : मल्लीताल बोट हाउस क्लब के समीप लगी आग
error: Content is protected !!