लालकुआं। लालकुआं-हल्दूचौड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 44 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बबूर गुमटी क्षेत्र में हाईवे पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बबूर गुमटी स्थित नरूला प्लॉट में चालक एवं चौकीदार के रूप में कार्यरत प्रेम सिंह (44) मंगलवार रात करीब 9:45 बजे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस तथा 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम ने घायल को उपचार के लिए हल्द्वानी के अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि हादसे के दौरान वाहन की नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिर गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रेम सिंह की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।


