नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को उत्तराखंड के शहरी विकास, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम सिंह कैड़ा से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर कूटा की ओर से मंत्री को शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं पौधों का फ्लायर भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुलाकात के दौरान कूटा ने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं स्थानीय जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में विश्वविद्यालय के विनियमितीकरण की कट-ऑफ तिथि वर्ष 2026 तक निर्धारित किए जाने की मांग की गई। साथ ही संविदा प्राध्यापकों को यूजीसी के नियमानुसार वेतनमान प्रदान करने का अनुरोध भी किया गया।
इसके अतिरिक्त नैनीताल शहर से जुड़े विकास कार्यों पर भी कूटा ने मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में सात नंबर क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन के स्थायी समाधान के लिए समुचित प्रस्ताव तैयार कर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग रखी गई। वहीं पॉलीटेक्निक–चुंगी मार्ग, टैंक बैंड रोड तथा खुरपाताल रोड पर स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने का भी अनुरोध किया गया, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को रात्रि के समय सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी एवं डॉ. भुवन आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


