ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी कोर्ट में युवक ने एक वकील को पीटा, दूसरे को दांतों से काटा, हुआ भारी हंगामा.. 

हल्द्वानी कोर्ट में वारंटी का उत्पात, वकीलों से मारपीट व काटने की घटना के बाद सुरक्षा कड़ी

हल्द्वानी। न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वारंटी ने अचानक वकीलों पर हमला कर दिया। आरोपी दिनेश सिंह रावत ने अधिवक्ता एस.डी. जोशी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी को उसने दांतों से काट लिया और अन्य वकीलों पर भी हमला कर दिया।

घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और वकीलों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भोटिया पड़ाव पुलिस मौके पर पहुंची और वारंटी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

घटना के बाद बार एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मिला और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने तत्काल प्रभाव से 24 अप्रैल से न्यायालय परिसर में दो पुलिस कांस्टेबलों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करते हुए यह भी तय किया गया है कि अब कोर्ट परिसर में केवल अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा, अन्य वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहन सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उपाध्यक्ष ललित सिंह मेर, उप सचिव सुधांशु तिवारी, भानू कबड़वाल और राकेश कुकरेती सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  पॉलीहाउस घोटाले को लेकर नैनीताल में ज्ञापन, हाई कोर्ट में याचिका की तैयारी—किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग
error: Content is protected !!