जीबी पंत प्रौद्योगिकी एवं अभियांत्रिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) घुड़दौड़ी जनप पौड़ी में उत्तराखंड का पहला GEN-Z पोस्ट ऑफिस आमजन और छात्रों के लिए औपचारिक रूप से शुरू हो गया है।
इस आधुनिक डाकघर का उद्घाटन मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल, शशि शालिनी कुजूर, और संस्थान निदेशक प्रो.डॉ. वी.के. बंगा ने संयुक्त रूप से किया।
यह जेन-जी पोस्ट ऑफिस भारतीय डाक सेवाओं को नए युग की तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. पोस्टमास्टर जनरल कुजूर ने कहा कि भारतीय डाक सेवा देश की सबसे पुरानी संस्थाओं में से है, लेकिन आज भी यह आम जनता की सबसे विश्वसनीय सेवाओं में शामिल है।
जेन-जी डाकघर को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पारंपरिक डाक सेवाओं को एक नया स्मार्ट रूप दिया गया है, ताकि युवा पीढ़ी की जरूरतों और कार्यशैली के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
डाकघर में युवाओं को फ्री वाई-फाई, कैफेटेरिया, और त्वरित सेवा सहायता डेस्क जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इसके अतिरिक्त यहाँ माई-स्टाम्प काउंटर, पार्सल बुकिंग एवं पैकेजिंग, पीपीएफ, आईपीपीबी बैंकिंग, और अन्य वित्तीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
छात्रों के लिए विशेष रूप से साप्ताहिक और पाक्षिक परामर्श शिविर आयोजित करने की भी योजना है, ताकि वे डाक सेवाओं से संबंधित सभी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
छात्रों के लिए कई विशेष लाभ लेकर आया जेन-जी डाकघर
अधीक्षक डाकघर दीपक शर्मा के अनुसार, यह जेन-जी डाकघर छात्रों के लिए कई विशेष लाभ लेकर आया है. सबसे बड़ी सुविधा यह है कि छात्र किसी भी आवश्यक डॉक्यूमेंट की स्पीड पोस्ट पर 10 प्रतिशत छूट प्राप्त कर सकेंगे।
इस आधुनिक डाकघर की शुरुआत से न केवल जीबीपीआईईटी के छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि डाक विभाग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग के नए रास्ते भी खुलेंगे।
यह पहल डाक सेवाओं को डिजिटल युग की दिशा में और अधिक सशक्त बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

