ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए 9वें ‘टीचर ऑफ द ईयर-2026’ अवॉर्ड की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

विभिन्न श्रेणियों में यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने के इच्छुक शिक्षक 20 अक्टूबर 2026 तक अपना नामांकन ऑनलाइन करा सकते हैं।

‘टीचर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड इस वर्ष उत्तराखंड राज्य के विभिन्न स्तर के शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों को प्रदान किया जाएगा। इच्छुक शिक्षक निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह सम्मान उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), विज्ञान धाम, झाझरा, देहरादून में आयोजित होने वाले 7वें देहरादून अंतरराष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव-2026 के दौरान प्रदान किया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव का आयोजन 19 से 21 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है।

इस वर्ष ‘टीचर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड के चयन के लिए गठित उच्चाधिकार प्राप्त स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर करेंगी। चयन प्रक्रिया के तहत प्राप्त नामांकनों की स्क्रीनिंग और मूल्यांकन के बाद विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों का चयन किया जाएगा।

अनुशंसा पत्र अपलोड करना अनिवार्य

नामांकन करने वाले शिक्षकों के लिए अपने संस्थान के प्रमुख अथवा कार्यकारी अधिकारी का अनुशंसा पत्र अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। सरकारी संस्थानों के प्राचार्यों के लिए संबंधित शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग अथवा तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक का अनुशंसा पत्र अपलोड करना होगा।

इसी तरह विश्वविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों के लिए कुलपति, कुलसचिव, प्राचार्य, डीन अथवा विभागाध्यक्ष की अनुशंसा आवश्यक होगी। वहीं रिसर्चर्स के लिए उनके संस्थान प्रमुख का अनुशंसा पत्र अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।

चयन समिति का निर्णय होगा अंतिम

अवॉर्ड की स्क्रीनिंग एवं चयन प्रक्रिया के लिए गठित समिति का निर्णय अंतिम माना जाएगा। चयन समिति द्वारा अपने स्तर से दो कुलपतियों और दो विषय विशेषज्ञों को नामित किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त नामांकनों का परीक्षण कर पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन किया जाएगा।

आयोजकों ने पात्र शिक्षकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों की जांच समय पर पूरी की जा सके।

नामांकन की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर 2026

नामांकन लिंक: https://isht.ink/9thTOTY2026

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: मेहता गांव में एक सप्ताह बाद बहाल हुई पेयजल आपूर्ति, ट्यूबवेल ठीक होने से ग्रामीणों को राहत

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.