ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। जनहित और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विकासखंड ओखलकांडा में तैनात खंड विकास अधिकारी देशराज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विभागीय कार्यों में लापरवाही और उदासीनता के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर उन्हें पद से हटा दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामले के संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे को जांच के निर्देश दिए थे। जांच में खंड विकास अधिकारी पर लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के तहत देशराज को तत्काल प्रभाव से खंड विकास अधिकारी के पद से हटाकर सहायक खंड विकास अधिकारी (एबीडीओ) के पद पर स्थानांतरित करते हुए विकासखंड रामनगर में संबद्ध किया गया है।

वहीं प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सहायक खंड विकास अधिकारी कुंवर सिंह सामंत को ओखलकांडा विकासखंड में प्रभारी खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करना होगा।

इस कार्रवाई को सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन का सख्त संदेश माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : उच्च न्यायालय के समीप कार पार्किंग में गिरा पेड़, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; बड़ा हादसा टला

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.