ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 4 और 5 मई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र उत्तराखंड में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को अलर्ट जारी करते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में इन दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज से अति तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 2 से 6 मई तक राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा, जहां गरज-चमक और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जनपदों को अत्यधिक सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा है। साथ ही लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और बीआरओ सहित संबंधित एजेंसियों को मार्ग बाधित होने की स्थिति में तुरंत बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा संचार व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, ग्राम स्तर तक सतर्कता बढ़ाने और विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.