मेरठ-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस का शुभारंभ आज, दो मिनट पहले के लिए चुकाना होगा डेढ़ गुना किराया

PM मोदी आज मेरठ-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे. मुरादाबाद से मेरठ तक ये ट्रेन राज्यरानी एक्सप्रेस से सिर्फ दो मिनट कम समय लेगी, लेकिन किराया डेढ़ गुना ज्यादा है।

राज्यरानी एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में बर्थ का किराया ₹760 रुपये है, जबकि वंदेभारत एक्सप्रेस में किराया ₹1195 है. वंदे भारत एक्सप्रेस 2 घंटे 23 मिनट में मेरठ पहुंचाएगी।

मुरादाबाद। मेरठ-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन का नियमित संचालन एक सितंबर से शुरू हो जाएगा।

यात्रियों को मुरादाबाद से मेरठ तक पहुंचाने में राज्यरानी एक्सप्रेस की अपेक्षा वंदेभारत सिर्फ दो मिनट कम लेगी, जबकि यात्रियों को डेढ़ गुना ज्यादा किराया चुकाना पड़ेगा।

(22489) वंदेभारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। लखनऊ से लौटते समय शाम 7:32 बजे मुरादाबाद आएगी। 7:37 बजे चलकर यहां से दो घंटे 23 मिनट का सफर तय कर रात 10 बजे मेरठ पहुंचाएगी। वहीं राज्यरानी एक्सप्रेस रात 8:05 बजे मुरादाबाद स्टेशन पर आती है और दो घंटे 25 मिनट में 10:30 बजे मेरठ पहुंच जाती है। 

राज्यरानी एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में बर्थ का किराया 760 रुपये है, जबकि वंदेभारत एक्सप्रेस चेयरकार है। इसके बावजूद एक्जीक्यूटिव क्लास में मुरादाबाद से मेरठ तक इसका किराया 1195 रुपये है। दोनों के किराये में डेढ़ गुना से भी ज्यादा का अंतर है। राज्यरानी एक्सप्रेस के सामान्य चेयरकार कोच में मेरठ तक का किराया 315 रुपये है, जबकि वंदेभारत के चेयरकार कोच में आपको 710 रुपये चुकाने होंगे। हालांकि, इसमें कैटरिंग भी शामिल है।

 रेल प्रशासन का कहना है कि किराया रेलवे बोर्ड की ओर से जारी होता है। इसमें मंडलीय स्तर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। नियमित संचालन के दौरान वंदेभारत मेरठ से सुबह 6:35 बजे चलेगी। 8:35 बजे मुरादाबाद, 9:56 बजे बरेली और दोपहर 1:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 2:45 बजे लखनऊ से चलेगी। शाम 6:02 बजे बरेली, शाम 7:32 बजे मुरादाबाद और रात 10 बजे मेरठ पहुंचेगी।

राजधानी, एसी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी से भी महंगा वंदेभारत का टिकट 

मुरादाबाद से लखनऊ तक जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच का किराया 1795 रुपये है। यह ट्रेन महज साढ़े चार घंटे में मुरादाबाद से लखनऊ पहुंचा देती है, जबकि मेरठ-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस मुरादाबाद से लखनऊ तक पहुंचने में पांच घंटे पांच मिनट का समय लेगी।

इसके एक्जीक्टूटिव क्लास में सफर करने के लिए यात्री को 2005 रुपये चुकाने होंगे। नई दिल्ली-लखनऊ एसी एक्सप्रेस पांच घंटे सात मिनट में लखनऊ पहुंचाती है और इसका फर्स्ट एसी का टिकट1455 रुपये का है।

आज मुफ्त यात्रा, कल से लेना होगा टिकट 

उद्घाटन के दिन वंदेभारत एक्सप्रेस में अतिथि यात्रियों को रेलवे मुफ्त सफर की सुविधा दे रहा है। इसके लिए कई यात्रियों को पास जारी किए गए हैं। वहीं एक सितंबर से नियमित संचालन के दौरान किराया चुकाना होगा।

31 अगस्त को उद्घाटन के दिन वंदेभारत दोपहर दो बजे मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां ट्रेन का भव्य स्वागत होगा।

डीआरएम समेत अन्य अधिकारी इसमें सवार होकर बरेली तक सफर करेंगे। इसके बाद स्पेशल ट्रेन से वापस मुरादाबाद आएंगे। 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रेखा आर्या और गिरधारी लाल साहू विवाद में तेज हुई जांच, साक्ष्य जुटाने बरेली पहुंची पुलिस टीम

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.