ब्रेकिंग न्यूज़

छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन और छात्रनेताओं की बैठक, लिंगदोह नियमों के उल्लंघन पर निरस्त होगा नामांकन

लिंगदोह समिति की सिफारिशों का कड़ाई से होगा पालन, बाहरी लोगों के प्रवेश और प्रचार में मनमानी पर कार्रवाई की चेतावनी

नैनीताल। डीएसबी परिसर में आगामी 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस-प्रशासन, विश्वविद्यालय अधिकारियों और छात्रनेताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से संबंधित नियमों, प्रचार-प्रसार की सीमा, परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और बाहरी लोगों के प्रवेश सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने छात्रनेताओं और संभावित प्रत्याशियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव में लिंगदोह समिति की सिफारिशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से चुनाव प्रचार में निर्धारित सीमा से अधिक धन खर्च करने, जातिगत अथवा सांप्रदायिक आधार पर पोस्टर-बैनर लगाने, लाउडस्पीकर का अनधिकृत या अत्यधिक उपयोग करने तथा परिसर में बाहरी लोगों की मौजूदगी को लेकर छात्रनेताओं को आगाह किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता और निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें नामांकन निरस्त किए जाने तक की कार्रवाई शामिल है।

एसपी क्राइम ने कहा कि चुनाव के दौरान डीएसबी परिसर में प्रवेश व्यवस्था को भी सख्त रखा जाएगा। बिना वैध परिचय पत्र के किसी भी छात्र अथवा बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने छात्रनेताओं से अपील की कि वे चुनाव को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। प्रशासन की ओर से छात्रनेताओं को यह भी स्पष्ट किया गया कि चुनाव के दौरान आपसी विवाद को बढ़ाने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के तहत अपनी बात रखी जाए।

बैठक में छात्र अधिष्ठाता कल्याण विभाग तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने भी छात्रसंघ चुनाव से संबंधित नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी छात्रनेताओं को दी। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बैठक का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। इस दौरान एडिशनल एसपी रेवाधर मठपाल, सीओ अंजना नेगी, प्रभारी परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. शिवांगी, डॉ. निधि वर्मा सहित विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

छात्रसंघ चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही परिसर में चुनावी गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन की इस बैठक को चुनाव के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 13 सितंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.