ब्रेकिंग न्यूज़

रुद्रपुर से जुड़े संपर्क क्रांति ट्रेन में दिनदहाड़े हुई ढाई लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार चारों बदमाशों को रविवार सुबह करीब पांच बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पुराने स्लीपर के चट्टे के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में रम्पुरा निवासी गौरव, भारत, नानकमत्ता क्षेत्र के गुरदेव उर्फ डेविड और मिश्रा सिंह शामिल हैं। ये सभी उधम सिंह नगर जिले के रहने वाले हैं।

जांच में सामने आया कि इस लूट की साजिश रुद्रपुर के एक कारोबारी के पूर्व कर्मचारी गौरव ने रची थी, जिसने करीब दो महीने पहले नौकरी छोड़ी थी। उसे जानकारी थी कि व्यापारी के कर्मचारी ऑटो पार्ट्स खरीदने के लिए दिल्ली जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने साथियों को ट्रेन में लूट के लिए भेजा।

घटना 15 अप्रैल की है, जब व्यापारी मंदीप सिंह के कर्मचारी संपर्क क्रांति ट्रेन से दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही ट्रेन आनंदनगर के पास धीमी हुई, तीन हथियारबंद बदमाश कोच में घुस आए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कर्मचारियों की तलाशी ली और उनके पास मौजूद करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद रामपुर में मामला दर्ज किया गया और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने मुठभेड़ कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,38,500 रुपये बरामद किए हैं। घायल आरोपी मिश्रा सिंह का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  चोरी कांड में रुद्रपुर के चार आबकारी कर्मचारी गिरफ्तार, बरामद जेवरात-नकदी खुर्द-बुर्द करने का आरोप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.