ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। बीरभट्टी क्षेत्र के बलिया नाला में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह कुछ महिलाएं जंगल की ओर गई थीं, तभी उन्होंने नाले के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा।

इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल ज्योलीकोट पुलिस चौकी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान मनोज रावत उर्फ शर्मा (50 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुरेश सिंह रावत, हाल निवासी न्यू कॉलोनी दुर्गापुर पावर हाउस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज रावत नैनीताल शहर में पर्यटक गाइड का काम करता था।

परिजनों के अनुसार मनोज 6 मार्च की शाम को बिना बताए घर से चला गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पुलिस को भी सूचना दी गई थी। पुलिस जांच में सरस्वती विहार क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में मनोज की लोकेशन रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच बीरभट्टी की ओर जाते हुए दिखाई दी थी। हालांकि बीरभट्टी क्षेत्र में उसकी आगे की लोकेशन कैमरों में नहीं मिल पाई, जिसके चलते पुलिस और परिजन आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर सभासद सुरेंद्र कुमार समेत मृतक के पड़ोसी और स्थानीय लोग भी पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और उसके परिवार में छोटा भाई तथा बुजुर्ग मां हैं।

फिलहाल मनोज रावत की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को नशे की भी लत थी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 22 सितम्बर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.