ब्रेकिंग न्यूज़

देवर ने रुपये लेकर रची थी सामूहिक दुष्कर्म की साजिश मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज, आरोपियों की तलाश शुरू

उधम सिंह नगर/रुद्रपुर। सरस मेले से लौट रही महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस जघन्य वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता का देवर ही निकला। आरोपी देवर ने अपने दोस्तों से रुपये लेकर पूरी साजिश रची थी और जानबूझकर महिला को किच्छा बाईपास की ओर ले गया।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी देवर की गतिविधियां शुरुआत से ही संदिग्ध थीं। महिला के कोतवाली पहुंचने के बाद वह फरार हो गया था, लेकिन बाद में खुद ही थाने पहुंचकर बयान देने लगा। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने साजिश की पूरी कहानी उगल दी।

आरोपी ने बताया कि उसके भाई ने मेले में जाने से मना किया था, जिसका उसने फायदा उठाया। वह भाभी को बिना घरवालों को बताए अपने साथ मेले में ले गया। पहले से तय योजना के तहत उसके अन्य साथी भी मेले में मौजूद थे और पूरे रास्ते महिला के पीछे-पीछे चलते रहे। महिला इस बात से अनजान थी कि जिस देवर पर वह भरोसा कर रही है, वही उसके साथ दुष्कर्म की साजिश रच चुका है।

घर लौटते समय आरोपी देवर ने शॉर्टकट का बहाना बनाकर महिला को किच्छा बाईपास की ओर मोड़ दिया। वहां तमंचे के बल पर आरोपियों ने सुनसान जगह पर ले जाकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि देवर निगरानी करता रहा।

मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मंगलवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए हैं।

देवर को हिरासत में लेकर उसकी सीडीआर रिपोर्ट खंगाली जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने गांधी पार्क, ठंडी रोड और किच्छा बाईपास क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ में नशा-मुक्ति जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.