ब्रेकिंग न्यूज़

घटना में 6 लोगों की मृत्यु और कम से कम 50 लोगों के घायल होने की खबर

मध्यप्रदेश। हरदा जिला मुख्यालय पर आज एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक सिलसिलेवार विस्फोट के कारण पूरा शहर दहल गया और इस वजह से अब तक छह लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुयी है।

कम से कम 50 लोगों के घायल होने की सूचना है। प्रशासन ने प्रारंभिक सूचना के हवाले से बताया कि हरदा नगर के बाहरी क्षेत्र में बसी एक कॉलोनी में पटाखा फैक्ट्री संचालित है। इसके दो तीन गोदाम भी हैं, जहां पर विस्फोटक सामग्री रखी हुयी है।

भीषणतम विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने न केवल राजधानी भोपाल और इंदौर से हरदा तक फायर ब्रिगेड भेजे जाने के निर्देश दिए हैं, बल्कि भोपाल एम्स की बर्न यूनिट को भी घायलों के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट के अनुसार, उन्होंने कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह, एसीएस अजीत केसरी, डीजी होमगार्ड को तत्काल हेलीकॉप्टर से हरदा जाने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों तथा आस- पास के शहरों से फायर ब्रिगेड की दमकलों तथा एंबुलेंस को भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के बेहतर उपचार के लिए भोपाल, इंदौर में मेडिकल कालेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।’

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार हमारी पहली प्राथमिकता है। डॉ यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘हरदा में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं। भोपाल तथा इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने को कहा है। साथ ही इंदौर व भोपाल से फायर ब्रिगेड की दमकलों को भी भेजा जा रहा है।’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे अचानक फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गयी। इसके बाद सिलसिलेवार विस्फोट हुए। विस्फोट की आवाज और कंपन कई किलोमीटर क्षेत्र में सुने और महसूस किए गए।

प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया और हरदा के सभी दमकल वाहनों के अलावा आसपास के जिलों से भी दमकल वाहन और कर्मचारियों को बुलाया गया। भोपाल और इंदौर से भी विशेषज्ञों की टीम हरदा रवाना कर दी गयी है।

इस बीच प्रशासन ने इस घटना में छह लोगों की मृत्यु और कम से कम 50 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। दोपहर डेढ़ बजे तक प्राप्त समाचार के अनुसार घायलों को इंदौर और भोपाल भेजा जा रहा है, जो हरदा से लगभग डेढ़ सौ से पौने दो सौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। बताया गया है कि फैक्ट्री में दर्जनों श्रमिक कार्य करते हैं और इसके अलावा आसपास के रिहायशी इलाकों में भी सैकड़ों लोग रहते हैं।

विस्फोट की भीषण आवाज सुनकर लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित इलाकों की तरफ भागते हुए देखे गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी तुरंत ही राहत एवं बचाव के कार्य में लग गए हैं। प्रशासन ने मृतकों और घायलों की संख्या और बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : जीएसटी कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का जीएसटी कार्यालय पर प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन बाजार बंद की चेतावनी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.