ब्रेकिंग न्यूज़

कर्णप्रयाग विवाद के बाद सिख समाज की चिंता, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

 यात्रा मार्गों पर कड़ी निगरानी और सौहार्द बनाए रखने की अपील

हल्द्वानी। कर्णप्रयाग में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर जारी बयानबाजी और बढ़ती तकरार को लेकर अब सिख समाज भी सक्रिय हो गया है। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपते हुए सिख समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी हुई है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद न केवल यात्रा की गरिमा को प्रभावित कर सकता है, बल्कि प्रदेश की छवि पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है।

उन्होंने प्रशासन से यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने की मांग की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ बयानबाजी या समाज में वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिख समाज के प्रतिनिधियों ने सभी समुदायों से भाईचारा, आपसी सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राओं के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

सिख समाज ने प्रशासन से पूरे मामले पर संवेदनशीलता के साथ नजर रखने तथा चारधाम यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

उनका कहना है कि इससे प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सौहार्द की छवि और मजबूत होगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : गोरापड़ाव डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो और शातिर अभियुक्त गिरफ्तार; 1.40 लाख की लूटी नकदी, दो तमंचे और कार बरामद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.