ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी में सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, आर्थिक तंगी बना हत्या की वजह

हल्द्वानी। बरेली रोड क्षेत्र के राम मंदिर बगीचा इलाके में घटित सनसनीखेज हत्या के मामले का नैनीताल पुलिस ने मात्र 04 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने हत्या के आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त लोटा भी बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 11 बजे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल, निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड हल्द्वानी द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई कि उनके चाचा संदीप जायसवाल ने उनके छोटे चाचा सोनू जायसवाल के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक रोहताश सिंह सागर द्वारा की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए हत्या के कारणों का शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। उनके आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास गहन सुरागरसी-पतारसी की गई तथा सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य संकलित किए।

लगातार प्रयासों के फलस्वरूप पुलिस ने मात्र 04 घंटे के भीतर नामजद अभियुक्त संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल, निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 01 अदद रिवॉल्वर 32 बोर, 02 जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया।

अवैध असलहे की बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी संदीप जायसवाल ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था। उसके छोटे भाई की तबीयत लंबे समय से खराब थी और आर्थिक तंगी के चलते इलाज कराना उसके लिए मुश्किल हो गया था। इसी मानसिक तनाव के चलते आरोपी ने शराब के नशे में आकर गुस्से में अपने ही भाई के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी : चकलुवा में महिलाओं का फूटा आक्रोश: महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल सड़क और बिजली-पानी संकट पर सरकार को घेरा; इथेनॉल प्लांट बंद करने की मांग
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.