ब्रेकिंग न्यूज़

आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप, पुलिस ने मोबाइल किया बरामद; दो सह-अभियुक्तों की तलाश जारी

लालकुआं। ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू निवासी विवाहिता की आत्महत्या के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने में किया गया था। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू निवासी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर, ने थाना लालकुआं में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका मृतका के घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने मृतका को अपने जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए तथा बाद में इन्हीं के माध्यम से उसे ब्लैकमेल किया। इससे मृतका मानसिक रूप से परेशान हुई और 6 अगस्त को उसने आत्महत्या कर ली।

पति को धमकी देने का भी आरोप

मामले में मृतका के पिता की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। तहरीर में विजय पलड़िया के कार्य में भी परेशानी उत्पन्न किए जाने की बात कही गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में मु0अ0सं0 146/2026 के तहत धारा 108/351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 26 सितंबर 2026 को मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मोबाइल फोन भी बरामद

पुलिस ने आरोपी आशिक अली के कब्जे से उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इसी मोबाइल का इस्तेमाल आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा उन्हें भेजने के लिए किए जाने की बात सामने आई है। बरामद मोबाइल को विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

दो आरोपी फरार, भूमिका की जांच जारी

मामले में नामजद साहिब अली और देवेश गंगवार फिलहाल फरार हैं। पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर में दोनों पर मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों की भूमिका, धमकी से संबंधित तथ्यों और मामले में उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस टीमों द्वारा दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी

आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश; वर्तमान निवासी गुमटी, हल्दूचौड़।

फरार आरोपी

साहिब अली पुत्र भूरे शाह, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश।

देवेश गंगवार, निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल।

बरामदगी: आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल पुलिस के अनुसार आपत्तिजनक फोटो/वीडियो बनाने और भेजने में किया गया था।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल : ज्योलीकोट में दूषित पानी से तीन मौतों के बाद हरकत में जल संस्थान, हेमचंद आर्य ने उठाई पुरानी पाइपलाइन बदलने की मांग
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.