देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। रुड़की में आंगनबाड़ी सहायिका के प्रमोशन के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है, जिसमें विभागीय सुपरवाइजर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए कार्यालय बाल विकास अधिकारी, रुड़की ग्रामीण द्वितीय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी सुपरवाइजर पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता सपना कश्यप से आंगनबाड़ी सहायिका के प्रमोशन के एवज में यह रकम मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की जांच कर ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सतर्कता विभाग उत्तराखंड की इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





































