ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल में दर्दनाक घटना: घास लेने गई महिला को बाघ ने बनाया शिकार, इलाके में दहशत

नैनीताल।  ज्योलिकोट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जयोली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े जंगल में घास लेने गई एक महिला को बाघ ने हमला कर मार डाला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान हेमा पांडे (पत्नी दया किशन पांडे) निवासी ग्राम सभा जयोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला रोज की तरह दोपहर करीब 1 बजे जंगल में घास लेने गई थी, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। बाघ महिला को लगभग एक किलोमीटर तक घसीट ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी ने मामले का संज्ञान लेते हुए नैनीताल के सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी और डीएफओ को अवगत कराया। समाजसेवी के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले भी 5-6 ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके प्रभावी रोकथाम नहीं हो पाई है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्राम सभा के गिरीश चंद्र जोशी सहित अन्य ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए महिला के शव को जंगल से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

सूचना पर रेंजर नवीन पंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल पिंजरे लगाए जाएं, वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे हमलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीर चुनौती को उजागर करती है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल : इको फ्रेंडली रूप में तैयार हो रहीं मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाएं, केले के पेड़, बांस, घास और प्राकृतिक रंगों का हो रहा इस्तेमाल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.