ब्रेकिंग न्यूज़

उधमसिंह नगर। काशीपुर हाईवे पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी और उसकी महिला मित्र की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार खेड़ा बस्ती निवासी 25 वर्षीय अजय पाल पुत्र धन सिंह पाल सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत था। बताया गया कि वह बुधवार को अपनी 20 वर्षीय महिला मित्र रोली, निवासी शांति कॉलोनी भदईपुरा, के साथ बाइक से किसी काम से गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे भगवानपुर के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के समीप उनकी बाइक रपट कर डिवाइडर से जा टकराई।

हादसा इतना भयावह था कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और अजय पाल व रोली उछलकर हाईवे किनारे जा गिरे। आसपास से गुजर रहे लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही सीओ प्रशांत कुमार और एसआई प्रियांशु जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इधर हादसे की खबर मिलते ही अजय के स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया कि अजय पाल को महज एक सप्ताह पहले ही सिडकुल की एक नामी ऑटो कंपनी में नौकरी मिली थी। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी करते हैं, बड़ा भाई वाहन चलाता है और बड़ी बहन का विवाह हो चुका है।

पुलिस का कहना है कि बाइक रपट कर डिवाइडर से टकराई, जिससे दोनों की मौत हुई है। वहीं युवती रोली के स्वजन का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नन्दा भगवती की राजजात यात्रा से लौटे श्रद्धालु, ब्रह्म कमल लेकर पहुंचे डोर भगवती मंदिर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.