ब्रेकिंग न्यूज़

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही सवारियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना श्रीनगर गढ़वाल के देहलचौड़ी रोड पर बेलकंडी गांव के पास अरकनी बैंड से लगभग 800 मीटर आगे हुई। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग रुद्रप्रयाग जिले के रतूड़ा क्षेत्र के निवासी थे, जो कोट ब्लॉक के भेंटा गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में ईको कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से घायल एक महिला को एक पुलिसकर्मी ने तत्काल अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका के मुताबिक वाहन के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल बैंक के मूल बैंक में विलय का मुद्दा सांसद अनिल बलूनी के समक्ष उठा, NBOA प्रतिनिधिमंडल ने रखी संगठन की मांग

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.