ब्रेकिंग न्यूज़

शक्तिनहर में महिला ने दो मासूम बच्चों संग  लगाई छलांग, बच्चों की बची जान, मां लापता

विकासनगर (देहरादून)। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के अंतर्गत डॉक्टरगंज पुल नंबर एक और शांतिधाम पुल नंबर दो के बीच एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ अचानक शक्तिनहर में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।

नहर किनारे मौजूद स्थानीय तैराक युवकों ने बिना समय गंवाए बहादुरी दिखाते हुए तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगा दी। युवकों ने अपनी सूझबूझ और साहस से दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तेज बहाव के चलते महिला पानी में बह गई और उसका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से दोनों बच्चों को विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। बचाए गए बच्चों में एक की उम्र करीब डेढ़ साल जबकि दूसरे की मात्र छह महीने बताई जा रही है।

फिलहाल एसडीआरएफ और पुलिस टीम नहर में महिला की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : ज्योलीकोट में दूषित पानी से दो मौतों के बाद भी सिस्टम बेपरवाह, 400 से ज्यादा लोग बीमार; इलाज पर लाखों खर्च, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.