S.I.R. प्रकिया के दौरान लगाई गई आपत्ति के निस्तारण के लिए तहसील पहुंचे एक बुजुर्ग की मृत्यु
रिपोर्टर – नीरज तिवारी
औ कालाढूंगी तहसील परिसर में सोमवार को एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों के निस्तारण की सुनवाई के दौरान एक 88 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चिकित्सकों ने बुजुर्ग की मृत्यु को प्राकृतिक कारणों से होना बताया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बुजुर्ग की पहचान इब्ने हसन (88 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह करीब 11 बजे तहसील परिसर में एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से संबंधित आपत्ति के निस्तारण के लिए पहुंचे थे।
उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि तहसील पहुंचने के बाद बुजुर्ग के सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कर दिया गया था। इसके बाद इब्ने हसन तहसील परिसर से अपने घर चले गए थे।
एसडीएम के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे इब्ने हसन एक बार फिर तहसील परिसर पहुंचे। बताया गया कि इस दौरान वह एक अन्य व्यक्ति के साथ आए थे, जिसकी एसआईआर से संबंधित आपत्ति की सुनवाई तहसील में होनी थी। इसी दौरान तहसील परिसर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
बुजुर्ग की हालत खराब होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रशासन से जानकारी लेने पर चिकित्सकों ने बुजुर्ग की मृत्यु का कारण प्राकृतिक बताया है। घटना के बाद तहसील परिसर में मौजूद लोगों में शोक का माहौल रहा।
महत्वपूर्ण बात यह है कि एसआईआर आपत्ति के निस्तारण की प्रक्रिया में बुजुर्ग के दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज किया जा चुका था। इसके बाद वह घर भी चले गए थे और दोपहर में एक अन्य व्यक्ति की सुनवाई के दौरान दोबारा तहसील पहुंचे थे, जहां उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।




