उत्तराखंड की सड़कों पर दौड़ेंगे ‘उ०ख०’ कोड वाले वाहन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राजभाषा हिंदी को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब राज्य में नए पंजीकृत होने वाले वाहनों पर अंग्रेजी में ‘UK’ की जगह हिंदी लिपि में ‘उ०ख०’ अंकित किया जाएगा।

यह निर्णय राज्य के भाषा विभाग की पहल पर लिया गया है, जिसे भाषा मंत्री की औपचारिक मंजूरी भी मिल चुकी है।

वर्तमान में उत्तराखंड के सभी क्षेत्रीय एवं उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों द्वारा वाहन पंजीयन कोड ‘UK’ के रूप में जारी किए जाते हैं।

हालांकि उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में पंजीयन कोड हिंदी में भी अंकित किए जाते हैं। अब उत्तराखंड भी उसी दिशा में कदम बढ़ा रहा है, जिससे हिंदी को प्रशासनिक कार्यों में अधिक स्थान मिल सके।

यह बदलाव उत्तराखंड राजभाषा अधिनियम, 2009 के तहत किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सरकारी कार्यों में हिंदी भाषा के प्रयोग को प्राथमिकता दी गई है। समय-समय पर जारी शासनादेशों में भी हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

भाषा विभाग के अनुसार, इस फैसले से न केवल राजभाषा को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक और भाषायी पहचान भी और अधिक मजबूत होगी। वहीं, वाहन पंजीयन प्रक्रिया में स्थानीयता और स्वाभिमान का भाव भी जुड़ेगा।

जल्द ही उत्तराखंड की सड़कों पर ‘उ०ख०’ कोड वाले वाहन दौड़ते नजर आएंगे, जो केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि हिंदी भाषा और राज्य गौरव का प्रतीक होंगे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 29 अक्टूबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.