ब्रेकिंग न्यूज़

रामगढ़–मुक्तेश्वर रोड पर स्थानीय लोगों के निर्माण कार्यों पर रोक का विरोध, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने उठाई आवाज

नैनीताल। रामगढ़ से मुक्तेश्वर रोड क्षेत्र में स्थानीय निवासियों के छोटे-मोटे निर्माण और मरम्मत कार्यों पर जिला विकास प्राधिकरण द्वारा रोक लगाए जाने को लेकर विरोध सामने आया है। राज्य आंदोलनकारी हरीश नेहरू ने इस मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

हरीश नेहरू का कहना है कि रामगढ़ से मुक्तेश्वर तक कई स्थानीय परिवार पीढ़ियों से अपने पुश्तैनी घरों और जमीनों पर रह रहे हैं। बंटवारे में मिली जमीन पर लोग अपने परिवार के लिए आवास, गौशाला, मुर्गीखाना, पुराने कमरों की मरम्मत, शौचालय निर्माण या छोटे-मोटे रोजगार के लिए दुकानें बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जिला विकास प्राधिकरण द्वारा इन कार्यों पर रोक लगाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की कार्रवाई से कई स्थानीय लोगों का चालान किया गया है और कई को मौखिक रूप से चालान की धमकी दी जा रही है। इसके कारण लोगों के निर्माण कार्य बीच में ही रुक गए हैं और ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है।

हरीश नेहरू ने यह भी आरोप लगाया कि जहां स्थानीय लोगों को छोटे-मोटे निर्माण कार्यों के लिए परेशान किया जा रहा है, वहीं बाहरी लोगों द्वारा मुख्य मोटर मार्ग के आसपास बड़े-बड़े भवन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दोहरा मापदंड स्थानीय निवासियों के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ों में रहने वाले लोग पारंपरिक रूप से अपनी जरूरत के अनुसार छोटे-मोटे निर्माण और मरम्मत करते रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।

राज्य आंदोलनकारी हरीश नेहरू ने प्रशासन से मांग की है कि जिन स्थानीय लोगों के चालान किए गए हैं उन्हें निरस्त किया जाए और जो लोग अपने पुराने घरों की मरम्मत या छोटे निर्माण कार्य कर रहे हैं उन्हें आवश्यक अनुमति दी जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 23 सितंबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.