ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाए हुए हैं, जिससे जहां पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज अंधड़ ने जनजीवन प्रभावित किया है, वहीं मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

मंगलवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। चारधाम और ऊंचाई वाले इलाकों में भी हल्की वर्षा की सूचना है।

पर्वतीय जिलों में कई जगह गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और तेज अंधड़ चला, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में नुकसान की खबरें सामने आई हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है, जबकि 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा, शेष पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट के तहत बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी के गिनतीगांव प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह, नौनिहालों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.