ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी में उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव: जजी कोर्ट परिसर में धारा 163 लागू, 200 मीटर दायरे में सख्त प्रतिबंध

उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव: 104 प्रत्याशी मैदान में, हल्द्वानी बार एसोसिएशन हल्द्वानी में  1092 अधिवक्ता करेंगे मतदान

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड बार काउंसिल चुनाव के मद्देनज़र प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए सिविल एवं दण्ड न्यायालय हल्द्वानी (जजी कोर्ट) में स्थापित मतदान केंद्र के आसपास कड़े सुरक्षा इंतज़ाम लागू कर दिए हैं।

नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जो मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन को आशंका है कि चुनाव के दौरान कुछ अवांछनीय तत्व अशांति या अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर सकते हैं। इसी को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

🔹 200 मीटर दायरे में सख्त पाबंदियां

आदेश के अनुसार मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में बिना अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर पूर्ण रोक रहेगी। इस क्षेत्र में नारेबाजी, लाउडस्पीकर का प्रयोग, पोस्टर-बैनर लगाना और किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण पर प्रतिबंध रहेगा।

इसके अलावा लाठी-डंडा, धारदार हथियार या अग्निशस्त्र लेकर चलने पर भी सख्त मनाही है। अफवाह फैलाने, पर्चे वितरित करने तथा जातीय, धार्मिक या भाषायी तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियों को पूरी तरह वर्जित किया गया है।

मतदान ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति मतदान स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही मतदान स्थल के 200 मीटर के दायरे में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रयोग पर भी रोक लगाई गई है। ऐसी किसी भी गतिविधि या सामग्री पर प्रतिबंध रहेगा, जिससे निष्पक्ष मतदान प्रभावित हो सकता हो।

🔹 उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दंडनीय अपराध माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जजी कोर्ट परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन ने अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

अधिवक्ता भुवन गुणवंत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार चुनाव में कुल 104 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज मतपेटियों में बंद हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुल 25 सदस्यों का चयन किया जाएगा। इनमें से 18 पुरुष और 7 महिला प्रत्याशी निर्वाचित होंगे, जबकि दो सदस्यों को नामित किया जाएगा।

चुनाव प्रक्रिया प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जारी रहेगी। हल्द्वानी बार एसोसिएशन में पंजीकृत 1092 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 12:00 बजे तक लगभग 200 अधिवक्ताओं ने मतदान कर लिया था। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

मतगणना 20 फरवरी से प्रारंभ होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर उत्सुकता बनी हुई है और सभी प्रत्याशियों की निगाहें अब मतगणना पर टिकी हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : असम के पूर्व DGP एवं वरिष्ठ IPS अधिकारी बीडी खर्कवाल का निधन, उत्तराखंड पुलिस में शोक की लहर; SSP नैनीताल ने आवास पर दी श्रद्धांजलि, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.