ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। शहर में सीवरेज, नालियों और सड़कों के निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और एडीबी परियोजना का काम देख रही कार्यकारी संस्था यूयूएसडीए (UUSDA) के खिलाफ सख्त चेतावनी दी।

ज्ञापन में कहा गया कि पिछले दो वर्षों में परियोजना का 40 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हो पाया है। शहर के कई इलाकों में सड़कें खुदी पड़ी हैं, नालियां चोक हैं और सीवरेज कार्य अधूरा है। बरसात के मौसम में इन हालातों के चलते महामारी फैलने की आशंका जताई गई है।

कांग्रेस नेता ललित जोशी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, लेकिन मरम्मत का काम महीनों से लंबित है। कई मोहल्लों में लोगों की गाड़ियां घरों के अंदर फंसी हुई हैं और आवाजाही में भारी दिक्कतें हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि शहर की आंतरिक सड़कें बदहाल हैं, नालियों की सफाई और निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। आम जनता को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए और गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही, निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए।

ललित जोशी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य शुरू नहीं हुए तो शहरवासी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा अपने दरबार में विराजमान, ब्रह्म मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के बाद होंगे दर्शन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.